सोनम वांगचुक के समर्थन में जेडीयू नेता की भूख हड़ताल शुरू

 


हमीरपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। जेडीयू के बुंदेलखंड संयोजक ने सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल के समर्थन में एक बड़े आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। जेडीयू संयोजक ने उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में कलेक्ट्रेट के ऐतिहासिक गोल चबूतरे पर सोमवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान कर जिलाधिकारी को औपचारिक ज्ञापन सौंपा है।

लद्दाख के पर्यावरण और बच्चों के भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे सोनम वांगचुक के आंदोलन की गूंज अब बुंदेलखंड में भी सुनाई देने लगी है। जनता दल यूनाइटेड युवा प्रकोष्ठ के बुंदेलखंड संयोजक दीपराज सिंह परमार ने दिए ज्ञापन में कहा कि सोनम वांगचुक देश के पर्यावरण और लद्दाख के भविष्य को बचाने के लिए निस्वार्थ भाव से लड़ रहे हैं, जिसे दबाया नहीं जा सकता। वहीं दूसरी ओर शिक्षा व्यवस्था में आ रही कथित कमियों और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित गोल चबूतरे को सत्याग्रह का केंद्र बनाकर सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का समर्थन करते हुए अनिश्चित कालीन तक भूख हड़ताल करने का ऐलान किया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब तक लद्दाख के अधिकारों व युवाओं के भविष्य को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक यह अनिश्चितकालीन उपवास जारी रहेगा। इस मौके पर राकेश सिंह, वीर सिंह,राजू सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा