कालका देवी मंदिर में पूजा अर्चना कर निकाले गए जवारे

 


--देवी की पालकी सजाकर महिलाओं ने गाए मंगलगीत

हमीरपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा विकास खंड क्षेत्र के जल्ला गांव स्थित प्राचीन कालका देवी मंदिर में गुरुवार को जवारा मेला का आयोजन भक्तों द्वारा किया गया। भक्तों ने मंदिर में पूजा अर्चना की तथा महिलाएं सिर पर जवारा लेकर देवी गीत गाते हुए चल रही थीं। तथा लोग अचरी गायन करते चल रहे थे। गांव में देव स्थानों में पूजा करने के बाद मंदिर प्रांगण में जवारा का विसर्जन किया गया।

क्षेत्र के जल्ला गांव में प्राचीन कालका देवी मंदिर में सैकड़ों वर्ष से जवारा मेला का आयोजन किया जाता है। चैत्र माह की पूर्णिमा को प्रतिवर्ष यह आयोजन धूमधाम से किया जाता है तथा पांच दिवसीय मेला का भी आयोजन हाेता है। जिसमें ब्लाक क्षेत्र के गांवों के लोग अपनी जरूरत का सामान खरीद करते हैं। मंदिर के पुजारी रामनरायण ने बताया कि गांव के अंदर से देवी की पालकी सजाकर निकलती है। गुरुवार शाम को गांव के बाहर स्थित मंदिर प्रांगण में सम्पन्न होता है। लोगों द्वारा मन्दिर में धार्मिक कार्य सम्पन्न कराए जाते हैं। जैसे मुंडन संस्कार, कन्या भोजन, विवाह की मान्यता आदि सम्पन्न होते हैं।

ग्राम प्रधान संतोष सिंह ने बताया कि इस मंदिर की ख्याति दूर-दूर तक विख्यात है। अन्य जनपद के लोग भी अपनी मान्यता पूरी होने पर पूजा करने आते हैं। मंदिर में भक्तों द्वारा पान बताशा भेंट कर पूजा की जाती है। महिलाएं सिर पर जवारा लेकर देवी गीत गाते हुए चल रही थी। तथा टोलियों में लोग अचरी गायन करते हुए चल रहे थे इस मंदिर में एक कुंतल से अधिक वजन की लोहे की सांग चरखी में मंदिर तक ले जाई जाती है। जिनको भक्तगण मुंह में छेदकर पूजा अर्चना करते हैं। जवारा मेला में हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। तथा महिलाओं ने खरीददारी की। लोगों ने मेला में लाठी की खरीददारी की। मेला आज से प्रारम्भ होकर पांच दिन तक चलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा