जवाहर बाग 23 करोड़ से होगा विकसित, श्रीकृष्णा लीला थीम से बनेगा आधुनिक वेस्ट टू वंडर पार्क

 


नगर आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण

मथुरा, 23 सितम्बर (हि.स.)। वैश्विक नगर सृजन योजना के अंतर्गत मथुरा के सिविल लाइंस स्थित राजकीय उद्यान जवाहर बाग के कायाकल्प और विकास की तैयारी तेजी से शुरू हो गई है। बुधवार शाम नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने अधिकारियों के साथ जवाहर बाग का स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से इस ऐतिहासिक पार्क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘वेस्ट टू वंडर पार्क’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

प्रस्तावित श्रीकृष्ण लीला थीम के तहत पार्क में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी विभिन्न लीलाओं को बेहद आकर्षक और रचनात्मक स्वरूप में प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें बाल स्वरूप एवं गोकुल की बाल लीलाएं, माखन चोरी, गोवर्धन लीला और कालिया नाग मर्दन, रासलीला, कंस वध, मथुरा आगमन और द्वारका नगरी के प्रसंग, ब्रज संस्कृति और भक्ति परंपरा से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक प्रसंग प्रमुख रूप से शामिल हैं। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए इस पार्क का विकास वेस्ट टू वंडर की अवधारणा पर किया जाएगा। इसके तहत अपशिष्ट (कचरे) एवं अनुपयोगी सामग्रियों का उपयोग करके आकर्षक कलाकृतियां, थीम आधारित संरचनाएं और सृजनात्मक इंस्टॉलेशन तैयार किए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जिला उद्यान अधिकारी, निर्माण विभाग के मुख्य व सहायक अभियंताओं और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ पूरे पार्क का भ्रमण किया। उन्होंने सभी आवश्यक एनओसी और औपचारिकताओं को जल्द पूरा कर अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह से विकास कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, पार्क की मौजूदा नर्सरी व हरित क्षेत्रों को यथासंभव सुरक्षित रखते हुए संशोधित लेआउट तैयार करने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा व समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद जवाहर बाग केवल सौंदर्यीकरण का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि मथुरा आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के लिए एक सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रमुख आकर्षण का स्थल बनेगा। पार्क में पर्यटकों के भ्रमण व विश्राम हेतु आधुनिक लैंडस्केपिंग, पैदल पथ, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की उत्तम व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार