जौनपुर में ऐतिहासिक भादो छठ मेला शुरू, सूरजकुंड में उमड़े श्रद्धालु

 






जौनपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सरायख्वाजा क्षेत्र का ऐतिहासिक भादो छठ मेला शनिवार को शुरू हो गया। भोर से ही सूरजकुंड तालाब में स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भीड़ बढ़ने पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्वांचल विश्वविद्यालय से रूट डायवर्जन किया गया।

मेले की तैयारियों के तहत ग्राम प्रधान रैना सिंह ने एक दिन पहले सूरजकुंड तालाब की सफाई कराई। इसके साथ ही सड़क के दोनों किनारों पर करीब दो किलोमीटर तक जेसीबी से सफाई कराई गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तालाब में स्नान वाले स्थान पर बैरिकेडिंग की गई है।

सूरजकुंड तालाब को स्थानीय लोगों के बीच आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। मान्यता है कि यहां स्नान करने से चर्म रोगों से राहत मिलती है। इसी आस्था के चलते जौनपुर के अलावा आसपास के जिलों इलाहाबाद आजमगढ़ मऊ गाजीपुर वाराणसी चंदौली और अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

भादो छठ का यह मेला कृषि यंत्रों के लिए भी प्रसिद्ध है और इसे किसान मेला भी कहा जाता है। पहले यह मेला कई दिनों पहले से शुरू हो जाता था, लेकिन सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण और आबादी के विस्तार के कारण अब इसका मुख्य आयोजन एक दिन तक सीमित रह गया है। हालांकि, कृषि यंत्रों की दुकानें अगले दो-तीन दिनों तक लगी रहेंगी।

सीओ सदर सम्यक चौधरी ने बताया कि मेले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़ बढ़ने पर पुलिस बल बढ़ाया जाएगा। यातायात व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन की तैयारी पूरी कर ली गई है। आवश्यकता पड़ने पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय से करंजाकला-मल्हनी मार्ग होते हुए कोइरीडीहा की ओर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।

मेले में जगह-जगह बैरियर लगाए जा रहे हैं। दुकानदारों से किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं। मेले में आने वाले दुकानदारों को सुविधा देने के लिए सड़क किनारे करीब दो किलोमीटर तक सफाई कराई गई है। प्रशासन और पुलिस की ओर से मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव