जौनपुर में झमाझम बारिश से मिली गर्मी से राहत, जलभराव ने खोली नगर पालिका के दावों की पोल
जौनपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में बीते कई दिनों से पड़ रही भीषण उमस और गर्मी से सोमवार देर रात को उस समय राहत मिली, जब अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों ने राहत की सांस ली।
हालांकि, बारिश ने नगर पालिका परिषद की तैयारियों की भी पोल खोल दी। शहर के कई प्रमुख मार्गों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़कों पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान कई मोहल्लों रूहट्टा ओलन्दगंज पोलिटेक्निक चौराहे काली कुट्टी कटघरा आदि जगहों सड़कें तालाब जैसी नजर आईं। जगह-जगह बने गड्ढों में दोपहिया और चारपहिया वाहन फंसते रहे, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। शहर की कई सड़कें अब भी गड्ढामुक्त नहीं हो सकी हैं, जबकि प्रशासन और नगर पालिका की ओर से सड़कें दुरुस्त करने तथा जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर होने के दावे किए जाते रहे हैं।
बारिश के बाद सामने आई जलभराव की समस्या ने नगर पालिका परिषद की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। नागरिकों ने जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। वही इस मामले में जानकारी देते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने कहा कि जिन जगहों पर जल भराव हुआ है , वहां जल्द ही नाली नाले की सफाई करा कर जल भराव खत्म किया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि कर्मचारियों को काम पर लगाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव