जौनपुर में अब सुबह नौ बजे से खुलेंगे परिषदीय स्कूल, 31 मार्च तक लागू रहेगा नया समय

 


जौनपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। बदलते मौसम और ठंड को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर कुमार ने गुरुवार को नया समय-सारिणी जारी की है। नई व्यवस्था एक अक्टूबर से लागू होकर 31 मार्च तक प्रभावी रहेगी।

नए निर्देश के अनुसार जिले के परिषदीय विद्यालय अब सुबह नौ बजे खुलेंगे और दोपहर तीन बजे तक संचालित होंगे। सुबह नौ से 9:15 बजे तक प्रार्थना, राष्ट्रगान, प्रतिज्ञा और योगाभ्यास होगा। इसके बाद नियमित कक्षाएं संचालित की जाएंगी। दोपहर 12 से 12:30 बजे तक मध्याह्न भोजन के लिए अवकाश रहेगा।

अधिकारियों के अनुसार, सुबह के समय ठंड और कोहरे के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को पहले निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचने में परेशानी होती थी। विद्यार्थियों की सुरक्षा और आवागमन को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है।

बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। आदेश का पालन नहीं करने अथवा समय से विद्यालय नहीं पहुंचने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

विद्यालयों के समय में बदलाव से विद्यार्थियों और अभिभावकों को सुबह के समय ठंड व कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद है। शिक्षक समुदाय ने भी प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव