जौनपुर नगर पालिका के नये 8 नए वार्ड टैक्स के दायरे में, सभी घरों से वसूला जाएगा गृह व जल कर
जौनपुर , 27 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में नगर पालिका परिषद ने अपने सीमा विस्तार के तहत शामिल किए गए आठ नए वार्डों को अब टैक्स के दायरे में ला दिया है। इन वार्डों के निवासियों से अब गृह कर के साथ जल कर भी वसूला जाएगा। इससे पहले नगर पालिका के कुल 39 वार्डों में से केवल 31 वार्डों से ही राजस्व वसूली हो रही थी, लेकिन अब सभी वार्डों को कर व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है।
नए शामिल किए गए वार्डों में सैदनपुर, कलीचाबाद, चांदपुर, हरदीपुर, मीरपुर, देवचंदपुर, गंगापट्टी और डेरायूसुफ शामिल हैं। नगर पालिका द्वारा इन सभी वार्डों में सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। सर्वे के दौरान लगभग 26 हजार नए घरों को चिन्हित कर करधान प्रणाली में जोड़ा गया है। इसके साथ ही इन वार्डों के निवासियों को वर्ष 2022 से टैक्स देना अनिवार्य होगा।
नगर पालिका परिषद का मुख्य फोकस अब राजस्व बढ़ाने पर है। पहले जहां पालिका को आय के लिए संघर्ष करना पड़ता था, वहीं वर्तमान में प्रतिदिन लगभग तीन से चार लाख रुपये का राजस्व वसूला जा रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि नए वार्डों से टैक्स वसूली शुरू होने के बाद इसमें और बढ़ोतरी होगी।
राजस्व वसूली को प्रभावी बनाने के लिए कर निरीक्षकों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उनकी जवाबदेही भी तय की गई है। वहीं, जिलाधिकारी द्वारा भी राजस्व बढ़ाने को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका जल्द ही पालन शुरू किया जाएगा। नगर पालिका का यह कदम शहर के विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि इसी वर्ष अप्रैल से करो को वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दिया जाएगा। इसके बारे में उपभोक्ताओं को जानकारी दी जा चुकी है ।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव