जौनपुर नगर पालिका बोर्ड बैठक में विकास प्रस्तावों पर लगी मुहर, बजट अगली बैठक तक टला

 




जौनपुर,30 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक शनिवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक में नगर विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों और कार्ययोजनाओं पर चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। हालांकि बजट को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका और इसे अगली बैठक तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

गौरतलब है कि यह बैठक शुक्रवार को नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य की अध्यक्षता में बुलाई गई थी, लेकिन अध्यक्ष और सभासदों के बीच समन्वय की कमी के चलते बैठक स्थगित करनी पड़ी थी। शनिवार को दोबारा आयोजित बैठक में सभी पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद कार्यवाही सुचारू रूप से संपन्न हुई।बैठक में शहर के विकास, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, कर प्रणाली एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। सभासदों ने विकास कार्यों के प्रति अपनी सहमति जताते हुए नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।सभासदों ने कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा कर व्यवस्था, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और अन्य आवश्यक सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित किया जाएगा, जिससे उनके वार्डों की जनता को अधिक सुविधाएं मिल सकें।नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने बताया कि सभी सभासदों की सहमति से विभिन्न विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है और उन पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सभासदों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही बजट में आवश्यक संशोधन कर उसे अधिक समावेशी बनाया जाएगा, ताकि सभी वार्डों में संतुलित विकास कार्य कराए जा सकें और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव