जौनपुर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई लेखपाल मुख्य परीक्षा,1894 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

 


जौनपुर, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा गुरुवार को जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में आयोजित की गई।

जिले में कुल 9696 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7802 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1894 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई थी।

परीक्षा की निगरानी के लिए 21 जोनल मजिस्ट्रेट, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 5 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। इसके अलावा 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 10 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी गई।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज, विधि महाविद्यालय पीलीकोठी तथा जीजीआईसी इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय एवं अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता न होने देने के निर्देश दिए। इस दौरान स्टैटिक मजिस्ट्रेट, संबंधित अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव