ऐतिहासिक शाही किला परिसर में 24 से शुरु हाेगा तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव

 


जौनपुर, 23 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में तीन दिवसीय “जौनपुर महोत्सव” का आयोजन 24 से 26 मार्च तक ऐतिहासिक शाही किला परिसर में किया जाएगा। इस महोत्सव में सांस्कृतिक, सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें स्थानीय कला और परंपरा की झलक देखने को मिलेगी।

इस मामले में सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन 24 मार्च को उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन तथा ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने और कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। आयोजन के नोडल अधिकारी के रूप में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम विकास अभिकरण को नामित किया गया है, जबकि कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर मजिस्ट्रेट और उप जिलाधिकारी सदर को सौंपी गई है।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रत्येक जोड़े का बायोमेट्रिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा। इस कार्यक्रम 601 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इसके लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। पात्र लाभार्थियों का विवाह सत्यापन के बाद ही संपन्न कराया जाएगा।जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देशन में आयोजन स्थल पर सुरक्षा, स्वास्थ्य परीक्षण, मंच, भोजन, विद्युत आपूर्ति सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक संध्या, शिव तांडव, मां काली नाट्य प्रस्तुति, राम दरबार के विग्रह स्वरूप दर्शन और पाई डंडा नृत्य जैसे आकर्षक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव