जौनपुर में किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य 100 प्रतिशत पूरा

 


जौनपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान में स्वास्थ्य विभाग ने निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत हासिल कर लिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गंगा राम गौतम ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सीएमओ ने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल है। एचपीवी वैक्सीन संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जिले में 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे अब शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि निर्धारित उम्र में एचपीवी वैक्सीन दिए जाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से किशोरियों और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी जा रही है।

सीएमओ ने अभिभावकों से अपील की कि वे एचपीवी टीकाकरण के महत्व को समझें और स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही जानकारी के अनुसार पात्र किशोरियों का समय से टीकाकरण कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर एचपीवी टीकाकरण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है।

उन्होंने कहा कि किशोरियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करना आवश्यक है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव