जौनपुर में श्रीमद्भागवत कथा से पहले निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा नगर

 




जौनपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मंगलवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा प्रवचन कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व भव्य शोभायात्रा निकाली गई। नैमिषारण्य (सीतापुर) स्थित सनातन उत्थान फाउंडेशन के संस्थापक शिवानंद भाई श्री महाराज के नेतृत्व में सैकड़ों वाहनों के साथ श्रद्धालुओं ने पूरे नगर का भ्रमण किया। इस दौरान जयकारों और भजन-कीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

शोभायात्रा बीआरपी मैदान से प्रारंभ होकर लाइन बाजार, बाजिदपुर तिराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा, ओलंदगंज, चहारसू चौराहा और कोतवाली होते हुए पुनः बीआरपी मैदान पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

आयोजकों के अनुसार बुधवार से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा प्रवचन का विधिवत शुभारंभ होगा। कथा प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं कथा से पूर्व प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रीकृष्ण नाम महामंत्र यज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा। इस अवसर पर शिवानंद भाई श्री महाराज ने कहा कि सत्संग मानव के चरित्र निर्माण की महत्वपूर्ण पाठशाला है। उन्होंने कर्म और उसके फल पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मनुष्य हर समय कर्म करता है और उसके हर कर्म का फल उसे अवश्य प्राप्त होता है। ‘अवश्यमेव भोक्तव्यम’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किए गए कर्मों का फल भोगना ही पड़ता है।

महाराज ने धर्म के महत्व को बताते हुए कहा कि भौतिक साधनों से केवल सुख प्राप्त हो सकता है, लेकिन सच्चा आनंद केवल भगवत कृपा से ही मिलता है। धर्मशील जीवन जीने वाले व्यक्तियों के जीवन में आनंद स्वतः ही आ जाता है। उन्होंने आत्मा और परमात्मा के संबंध को समझाते हुए कहा कि आत्मा परमात्मा का अंश है और अंततः उसी में विलीन हो जाती है। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। जगह जगह उनके शोभा यात्रा को रोककर उनकी आरती उतारी गई। और लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया । बड़ी संख्या में लोगों के कथा में शामिल होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव