जौनपुर में 24 अगस्त को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय बंद

 


जौनपुर, 23 अगस्त (हि.स.) यूपी के जौनपुर में जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश और जलभराव को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर 24 अगस्त सोमवार को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। इस संबंध में राविवार देर रात जानकारी देते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर कुमार ने बताया कि जिले के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और उत्तर प्रदेश बोर्ड से संचालित विद्यालय 24 अगस्त को बंद रहेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान विद्यार्थी विद्यालय नहीं आएंगे। हालांकि, सभी शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और विभागीय कार्यों का निस्तारण करेंगे। शिक्षक विद्यालय में उपस्थित होकर अपार, यू-डायस सहित अन्य विभागीय कार्यों को पूरा करेंगे।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। अत्यधिक बारिश और जलभराव के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव