खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में जापानी निवेशकों का उत्तर प्रदेश में स्वागत : केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में इन्वेस्ट यूपी द्वारा आयोजित जापान-भारत व्यापार नेटवर्किंग कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के बीच भगवान तथागत बुद्ध की करुणा, शांति, मानव कल्याण एवं ज्ञान की शिक्षाओं से जुड़ा सदियों पुराना आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंध है। उत्तर प्रदेश में भगवान बुद्ध की पावन स्मृतियों से लेकर जापान की समृद्ध बौद्ध परंपराओं तक दोनों देशों के बीच साझा विरासत और आत्मीयता का मजबूत सेतु विद्यमान है।
उप मुख्यमंत्री ने जापानी निवेशकों का आह्वान किया कि वे उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बड़े उद्यमी जापानी कंपनियों के साथ मिलकर कार्य करने के लिए तैयार हैं। उत्तर प्रदेश में निवेशकों को बेहतर कानून-व्यवस्था, पर्याप्त लैंड बैंक तथा सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी की मजबूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। लखनऊ, वाराणसी, जेवर और कुशीनगर सहित प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे वैश्विक कनेक्टिविटी को और सुगम बना रहे हैं।
मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में युवाओं की बड़ी संख्या उपलब्ध है और विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकता के अनुरूप उन्हें कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए आवश्यक कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है, जिससे निवेश के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उत्तर प्रदेश में एक करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर अनेक गतिविधियां कर रही है, खाद्य प्रसंस्करण में इन महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान हो सकता है।
उन्होंने कहा कि जापान की उन्नत तकनीक, गुणवत्ता एवं विशेषज्ञता और उत्तर प्रदेश के विशाल कृषि आधार, प्रतिभाशाली मानव संसाधन तथा विविध उत्पादों का समन्वय हो जाए तो प्रदेश के उत्पादों के लिए दुनिया के किसी भी बाजार तक पहुंच बनाना संभव है। जापानी निवेशकों और उत्तर प्रदेश के उद्यमियों के बीच साझेदारी से खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को नई गति मिलेगी तथा किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार के अवसर सृजित करने और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की व्यापक संभावनाएं हैं।
मौर्य ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को ऐसे उत्पादों और फसलों के बारे में जानकारी एवं अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिनसे उनकी मेहनत और उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त हो सके। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग किसानों के उत्पादों को उचित मूल्य पर खरीदकर उन्हें मूल्य संवर्धित उत्पादों में परिवर्तित कर देश और दुनिया के बाजारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इससे किसान, उद्योग और प्रदेश-तीनों की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के नाम पर खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित किए जाने पर सोलर सब्सिडी के माध्यम से भी अधिक से अधिक प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने उद्यमियों से सरकार की इन सुविधाओं और नीतियों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची सहित जापान एवं भारत के अनेक प्रतिष्ठित निवेशक, उद्यमी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन