मख भूमि मखौड़ा में हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया जानकी जन्मोत्सव
अयोध्या, 25 अप्रैल (हि.स.)। चक्रवर्ती महाराज दशरथ जी का राज महल श्री अयोध्या धाम का मखभूमि मखौड़ा में स्थित स्थान श्री राम जानकी मंदिर में परंपरानुसार श्री जानकी जन्मोत्सव हर्षोल्लास पूर्वक शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। दशरथ महल पीठाधीश्वर विंदुसंप्रदाय के मुकुटमणि विंदुगद्दाचार्य स्वामी श्रीदेवेंद्र प्रसादाचार्य जी महाराज की अध्यक्षता में विगत बीस वर्षों से राम जानकी मंदिर मखौड़ा में श्री राम जानकी जन्मोत्सव के पुनीत अवसर पर श्री राम महायज्ञ का भव्य आयोजन संपादित होता आ रहा है, जिसमें नित्य हवन कुंड में यज्ञ की आहुति डाली जाती है, साथ ही श्रीराम कथा महोत्सव ,राम लीला, रास लीला,संत, महंतों धर्माचार्यों का प्रवचन, अन्न क्षेत्र संचालित होता है।
इस वर्ष श्री जानकी नवमी का 21 वां वर्ष था, जिसमें श्रीराम महायज्ञ का श्री गणेश 20 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। आज वैशाख मास के शुक्ल पक्ष के नवमी तिथि पर को धूमधाम से जानकी नवमी मनाई गई।
इस पुनीत अवसर पर सांस्कृतिक विभाग लखनऊ की महिला कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र बनी रही । समारोह में पंडित विष्णु प्रसाद नायक शास्त्री जी द्वारा बधाई गीत प्रस्तुत किया गया। इस पुनीत अवसर पर वृहद भंडारा आयोजित हुआ। सभी समागत संत, महंतों को विंदुगद्दाचार्य स्वामी देवेंद्र प्रसादाचार्य जी महाराज द्वारा दक्षिणा भेंट विदाई प्रदान कर सम्मानित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय