भाजपा का विशेष जन सम्पर्क अभियान शुरू

 


लखनऊ, 08 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 12 साल विश्वास के जनकल्याण के अभियान के अन्तर्गत चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की श्रंखला में सोमवार से प्रदेशभर में विशेष जन सम्पर्क अभियान शुरू हो गया है। केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने झांसी से विशेष जन सम्पर्क अभियान की शुरूआत की।

संपर्क अभियान के तहत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोमवार को झांसी में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के पौत्र डॉ. वैभव गुप्त, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के सुपुत्र अशोक ध्यानचंद, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुबोध खांडेकर एवं महान उपन्यासकार वृंदावन लाल वर्मा के सुपुत्र मधुर वर्मा के साथ भेंट कर सरकार के विकास कार्यों पर चर्चा की।

चर्चा के दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंची है। योजनाओं का लाभ हर पात्र नागरिक तक पहुंचा है। नया भारत समान अवसर, गरिमा और सशक्तीकरण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा निःशुल्क राशन से खाद्य सुरक्षा, आयुष्मान भारत से स्वास्थ्य सुरक्षा, पक्के आवास से सम्मानजनक जीवन, हर घर जल से मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, शौचालय निर्माण से गरिमा और जनधन खातों से आर्थिक सशक्तीकरण सुनिश्चित हुआ है। भाजपा सरकार ने गरीबी उन्मूलन को नई गति दी है और करोड़ों लोगों के जीवन में सुरक्षा, सम्मान और नए अवसरों का संचार किया है।

भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि विशेष जन सम्पर्क अभियान 14 जून तक पूरे प्रदेश में चलाया जायेगा। अभियान में केन्द्र एवं राज्य सरकार के मंत्री, पार्टी के सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी साहित्य, खेल, शिक्षा तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध एवं विशिष्ट व्यक्तियों से संवाद करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन