कार्यालय में अनुशासन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव करें अफसर : एडीएम
मीरजापुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। एडीएम (भू-राजस्व) देवेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को जमालपुर ब्लॉक का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। ब्लॉक मुख्यालय पहुंचते ही उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों से कार्यों की स्थिति पर जवाब-तलब किया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, मनरेगा कक्ष, पंचायत विभाग कक्ष तथा समाज कल्याण विभाग से जुड़े अभिलेखों की बारीकी से जांच की। उन्होंने कार्यालय में अनुशासन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
खंड विकास अधिकारी डॉ. रक्षिता सिंह को निर्देशित किया गया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से पहुंचे, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। एडीएम ने स्पष्ट कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्वच्छता व अभिलेखों का नियमित निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। निरीक्षण के दौरान एडीओ मुकेश शर्मा, प्रीति गुप्ता, शनि सिंह, श्यामू यादव और मनोज सिंह समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा