क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कर एजेंसियों से होगी जुर्माने की वसूली

 


जल जीवन मिशन कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी का अल्टीमेटम

झांसी, 16 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मानक के अनुरूप मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं पर जुर्माना लगाकर वसूली की जाएगी, जिससे सड़कें गुणवत्तापूर्ण ढंग से पुनर्स्थापित कराई जा सकें।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन कार्य के दौरान करीब 170 सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक मीटर से अधिक गहरी रोड कटिंग वाले हिस्सों की मरम्मत लोक निर्माण विभाग करेगा, जबकि एक मीटर से कम गहरी रोड कटिंग की मरम्मत जल निगम द्वारा कराई जाएगी।

डीएम ने टेहरका ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत क्षतिग्रस्त हुई छह पाइपलाइनों को 15 दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क और पाइपलाइन से जुड़े कार्यों की नियमित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। जनपद की 10 ग्राम समूह पेयजल योजनाओं में से सात परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष तीन योजनाओं को शीघ्र पूरा कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने गुरसराय-गरौठा पेयजल पुनर्गठन योजना को जुलाई माह तक तथा माताटीला बांध से 195 एमएलडी पंप स्टेशन का कार्य अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए।

कार्यदायी संस्था मैसर्स बीजीसीसी प्राइवेट लिमिटेड की प्रगति पर असंतोष जताते हुए डीएम ने 286 गांवों से जुड़ी परियोजनाओं को दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने की चेतावनी दी। साथ ही इमलौटा, बरथरी और टेहरका समूह पेयजल योजनाओं में शत-प्रतिशत नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) योगेंद्र कुमार, जल निगम के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया