तिरंगे के सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है: गिरीश चंद्र यादव

 




जौनपुर,11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व भारतीय जनता पार्टी के नगर दक्षिणी की ओर से मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर अध्यक्ष डॉ. कमलेश कुमार निषाद के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, व्यापारी, विद्यार्थी और आमजन शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने भारत माता की जय और अमर शहीदों के जयकारे लगाए।

यात्रा का शुभारंभ मां भारती की प्रतिमा की आरती के साथ हुआ। पॉलिटेक्निक चौराहे से शुरू होकर यात्रा रूहट्टा, ओलंदगंज, सद्भावना तिराहा और जोगियापुर होते हुए कलेक्ट्रेट तिराहा स्थित शहीद स्तंभ पर पहुंचकर समाप्त हुई। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा और शहीदों की झांकियों पर पुष्पवर्षा कर राष्ट्र के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

मुख्य अतिथि खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। इसके सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। देश की स्वतंत्रता के लिए हजारों लोगों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। तिरंगा यात्रा के माध्यम से उन शहीदों के प्रति कृतज्ञता और श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।

विधानसभा प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसी यात्राएं वर्षभर आयोजित होनी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी को आजादी के महत्व और शहीदों के बलिदान से परिचित कराया जा सके। यात्रा में भारत माता, महात्मा गांधी, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, वीर अब्दुल हमीद, वीर सावरकर, सरदार पटेल और डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित शहीदों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

देशभक्ति गीतों के बीच लोग उत्साह से झूमते नजर आए। यात्रा से पूर्व ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों को घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप, जिला महामंत्री अजय सिंह, संदीप तिवारी, जिला उपाध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंघानिया, विकास शर्मा, सुधांशु सिंह, नीरज सिंह, राजेश कन्नौजिया, अभिषेक श्रीवास्तव,सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव