मेरा प्रयास समस्याओं का समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो : अनुनय झा

 




2015 बैच के आईएएस अधिकारी अनुनय झा महाराजगंज और हरदोई के रह चुके है डीएम

मुरादाबाद, 23 सितम्बर (हि. स.)। मेरा प्रयास समस्याओं का समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना है। किसी के भी वाजिब काम में अनावश्यक देरी न हो, यह मेरी प्राथमिकता है। शासन की मंशा के अनुरुप विकास कार्य हो, यह मेरी प्राथमिकता है। यह बातें बुधवार को मुरादाबाद जनपद के नवागत जिलाधिकारी अनुनय झा ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहीं।

मुरादाबाद जनपद के जिलाधिकारी रहे डॉ. राजेंद्र पैंसिया का तबादला दो दिन पूर्व विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार के पद पर हो गया था। वहीं हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा को मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया था।

मुरादाबाद के नवागत जिला अधिकारी ने बुधवार को चार्ज लेने के बाद कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया और फिर पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि वह 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इससे पूर्व दो जनपद महाराजगंज और हरदोई में जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं । जिलाधिकारी के रूप में मुरादाबाद में उनकी यह तीसरी नियुक्ति है।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करना। राजस्व मामलों और आइजीआरएस की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करना। अभी हाल ही में बारिश का सीजन समाप्त हुआ है जिसके बाद कई सडकें गड्ढायुक्त हो गई हैं, उन्हें गड्ढा मुक्त करना, किसान भाइयों की समस्याओं का समाधान करना मेरी प्राथमिकता में शामिल हैं।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगीता गौतम, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय सहित विभिन्न उप जिलाधिकारी और कलेक्ट्रेट के कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल