स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी, खाद विक्रेता का लाइसेंस निलंबित

 


रेट बोर्ड अपडेट नहीं मिला, स्टॉक और बिक्री रजिस्टर भी रहे नदारद

हमीरपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा में खाद की कालाबाजारी और अनियमितताओं की शिकायत पर सोमवार को एसडीएम करणवीर सिंह और जिला कृषि अधिकारी डॉ.हरिशंकर ने मौदहा में उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। मेसर्स जय महाकाल ट्रेडर्स में रेट बोर्ड अद्यतन नहीं मिला।

जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरिशंकर ने सोमवार को शाम बताया कि स्टॉक और बिक्री रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं थे। पीओएस मशीन के स्टॉक और मौके पर उपलब्ध खाद में मामूली अंतर मिलने पर प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। वहीं, बालाजी खाद भंडार में अभिलेखों की जांच के दौरान कुछ कमियां मिलीं। संचालक को खाद का उचित रखरखाव करने और बिक्री रजिस्टर में किसानों के पूरे मोबाइल नंबर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। जांच में महाकाल खाद भंडार, बड़े चौराहा नाम का प्रतिष्ठान नहीं मिला। कृषि विभाग ने बताया कि जिले में यूरिया और फॉस्फेटिक उर्वरकों की कमी नहीं है। किसानों से जरूरत के अनुसार खाद खरीदने और अनावश्यक भंडारण से बचने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा