गाेरखपुर में प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

 










गोरखपुर, 21 जून (हि.स.)।

उत्तर प्रदेश के जनपद गाेरखपुर में रविवार काे

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महंत दिग्विजयनाथ पार्क में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ नोडल खेल सचिव सुभाष एलुवाई सहित जनपद के आला अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सुबह होते ही पार्क में योग के प्रति उत्साह और जागरूकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला ।

कार्यक्रम के प्रारंभ में क्षेत्रीय योगाचार्य चंदन ने लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियां सिखाईं।

मुख्य अतिथि स्वतंत्र देव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज योग केवल भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दुनिया के 190 से अधिक देशों में लोग योग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में योग ने लोगों को रोगों से लड़ने की शक्ति दी और इम्युनिटी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।” उन्होंने सभी से अपील की कि योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने भी लोगों से कहा कि “फिट इंडिया अभियान को सफल बनाने के लिए जरूरी है कि हर व्यक्ति अपने जीवन में योग को शामिल करे।” उन्होंने कहा कि योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि व्यक्ति मानसिक रूप से भी मजबूत बनता है। कार्यक्रम में प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। डीजी/एडीजी गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, परियोजना निदेशक संदीप सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी योगाभ्यास में भाग लिया।

इस सामूहिक योग कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक योग किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से योगाभ्यास करेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। गोरखपुर का यह आयोजन न केवल भव्य रहा, बल्कि लोगों के बीच स्वास्थ्य और जागरूकता का मजबूत संदेश भी छोड़ गया।

-------------

--

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय