योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर, इसे जीवन में अपनाएं : कृषि मंत्री

 




-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन ने किया योगाभ्यास

देवरिया, 21 जून (हि.स.)। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को देवरिया में विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम स्थानीय स्वर्गीय रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रातः 6 बजे आयोजित हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, ग्राम विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम तथा पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं महर्षि पतंजलि के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा और संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा प्रदत्त गीता का संदेश भी योग पर आधारित है। योग के माध्यम से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त कर सकता है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि योग से जुड़कर व्यक्ति निरोग रहने के साथ-साथ जीवन में सफलता की ओर भी अग्रसर हो सकता है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी वी.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर, परियोजना निदेशक अनिल कुमार, डीसी एनआरएलएम आलोक कुमार तथा वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पांडेय सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए नियमित योगाभ्यास करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है। शासन द्वारा कार्यक्रम के लिए लोक निर्माण विभाग के सचिव दिव्य प्रकाश गिरी को जनपद का नोडल अधिकारी नामित किया गया था।

योग प्रशिक्षकों यतींद्र विश्वकर्मा, पूजा मद्धेशिया और फातिमा ने प्रतिभागियों को प्राणायाम, पवनमुक्तासन, वज्रासन, दंडासन, श्वसन क्रिया तथा ध्यानासन सहित विभिन्न योगाभ्यासों का प्रशिक्षण दिया। वहीं छात्र मोहन और विवेक ने विभिन्न योगासनों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम के समापन पर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने योग प्रशिक्षकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने स्वच्छता का संदेश देते हुए परिसर में स्वयं सफाई कार्य भी किया।

आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम जनपद के तहसील, ब्लॉक, नगर निकाय तथा ग्राम पंचायत स्तर तक उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अधिकारी, कर्मचारी तथा आमजन शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी जयराम यादव तथा व्यायाम प्रशिक्षक संजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक