योग सिर्फ कसरत नहीं बल्कि जीवन जीने की कला है : सतीश शर्मा

 




लखनऊ , 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में महादेवा स्थित ऑडिटोरियम में समाजसेवी केपी तिवारी के तत्वावधान में योग शिविर का आगाज हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच शुरू हुए शिविर में बड़ी संख्या में योग साधकों व स्थानीय लोगों ने भाग लेकर योग व आध्यात्मिक चिंतन का लाभ उठाया।

मुख्य अतिथि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि योग सिर्फ कसरत नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। यह शरीर, मन और आत्मा को जोड़कर संतुलन बनाता है। भारत की योग परंपरा आज विश्व को स्वस्थ जीवन का रास्ता दिखा रही है। यह हमारी सांस्कृतिक विरासत की वैश्विक पहचान बन गई है।

भाजपा अवध क्षेत्र के उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा ने कहा कि बढ़ते तनाव और भौतिकवाद के दौर में योग एक वैज्ञानिक जीवन पद्धति है। इससे मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मक सोच विकसित होती है।

योगाचार्य रवि, अखिलेश पांडेय और गजानन शुक्ला ने प्राणायाम व आसनों का अभ्यास कराया। शिविर में भाजपा प्रवक्ता शेखर पांडेय, ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, एसडीएम आनंद तिवारी, मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, बीईओ रमेश चंद्रा, प्रिंसिपल कमलेश सिंह, पूर्व चेयरमैन बद्री प्रसाद त्रिपाठी, रामबाबू द्विवेदी, अखिलेश चतुर्वेदी, बालमुकुंद गुप्ता, शिव प्रकाश अवस्थी, भुल्लन अवस्थी व रविकांत पांडेय मौजूद रहे।

रामनगर पीजी कॉलेज परिसर में हुआ आयाेजन

इसी प्रकार रामनगर पीजी कॉलेज परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक शरद अवस्थी, प्राचार्य डा. कौशलेंद्र विक्रम मिश्रा, एस डी एम आनंद तिवारी,रानी मृणालिनी सिंह, पूर्व चेयरमैन बद्री विशाल त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष विनय मिश्रा, पूर्व जिला मंत्री बाल मुकुंद गुप्ता, संजय रावत, विमलेश तथा लवकेश सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं छात्राओं ने सहभागिता की। योग प्रशिक्षकों आराधना शुक्ला, महक, तान्या, पूर्णिमा के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने प्राणायाम, ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन तथा अन्य योग क्रियाओं का अभ्यास किया। वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ तथा मन प्रसन्न रहता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में योग के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संकल्प लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी