अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भसमापन दिवस पर कार्यशाला आयोजित, जिलाधिकारी ने दिए जागरूकता के निर्देश

 


महोबा, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद महोबा में अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षित गर्भसमापन दिवस के अवसर पर सोमवार को जिलाधिकारी प्रभास कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अंतरविभागीय अभिसरण एवं संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य सुरक्षित गर्भसमापन सेवाओं को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाना और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना रहा।

जिलाधिकारी प्रभास कुमार में कहा कि सुरक्षित गर्भसमापन के संबंध में सही और प्रमाणिक जानकारी आमजन तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नीम-हकीम या असुरक्षित माध्यमों से गर्भसमापन कराने के बजाय प्रशिक्षित चिकित्सक की देखरेख में ही सरकारी अथवा मान्यता प्राप्त अस्पताल में सुरक्षित गर्भसमापन कराया जाए, ताकि महिलाओं को स्वास्थ्य जटिलताओं से बचाया जा सके। उन्होंने विद्यालयों और समुदाय स्तर पर भी जागरूकता गतिविधियां चलाने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार ने कार्यशाला में सुरक्षित गर्भसमापन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के साथ समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा, पंचायती राज, आईसीडीएस सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर सीएमएस डॉ. आर.के. चौरिहा, डॉ. राजेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रयागदत्त, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शिवकुमार राय, डीपीएम ममता अहिरवार, सहायक शोध अधिकारी सुमित कुमार सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के चिकित्सा अधीक्षक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी