अन्तरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, ५ गिरफ्तार

 




आजमगढ़ , 26 मई (हि.स.)। जिले के बरदह थाना पुलिस ने अन्तरजनपदीय चोर गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग सवा सात लाख रुपये कीमत का चोरी गया सामान बरामद किया है। आरोपियों के पास से 15 सोलर प्लेट, डिजिटल उपकरण, गैस सिलेंडर, बैटरी समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। वहीं एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी के 2000 रुपये भी मिले हैं।

पुलिस लाइन में एसपी ग्रामीण ने बताया कि बीते 19 मई को ग्राम असवनिया स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय अज्ञात चोरों ने विद्यालयों के ताले तोड़कर छत पर लगे सोलर प्लेट, डिजिटल बोर्ड, CPU, प्रिंटर, बैटरी, स्टेबलाइजर, LED टीवी, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया है। मामले में थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। बीती रात मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का सामान टाटा मैजिक वाहन में लादकर जौनपुर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने पारा मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन चालक भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर वाहन सहित पांच आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान आदित्य सिंह निवासी कमरिया थाना तरवा, विपिन सिंह निवासी असवनिया थाना बरदह, राहुल राजभर निवासी गोठाव थाना बरदह, संदीप सरोज निवासी इरनी थाना बरदह तथा रवि राव निवासी नमदारपुर थाना कन्धरापुर के रूप में हुई। पुलिस से हुई पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों निखिल सिंह और छोटू उर्फ हिमांशु सिंह के साथ मिलकर असवनिया के दोनों विद्यालयों से सोलर प्लेट, इन्वर्टर, बैटरी, डिजिटल बोर्ड, LED टीवी और अन्य सामान चोरी किया था। आरोपित चोरी का सामान बेचने के लिए जौनपुर जा रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव चौहान