कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सघन टिकट चेकिंग अभियान, 247 मामलों में कार्रवाई

 


कानपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। कानपुर सेन्ट्रल स्टेशन पर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन प्रयागराज मंडल के मार्गदर्शन में किया गया। कुल 247 मामलों में यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 1,36,010 रुपये का कुल राजस्व जुर्माने के रूप में प्राप्त हुआ तथा अभियान का उद्देश्य टिकट लेकर यात्रा को बढ़ावा देना है। यह जानकारी शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने दी।

अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 136 यात्रियों से 93,060 रुपये अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 82 यात्रियों से 40,050 रुपये तथा स्टेशन पर गंदगी फैलाने वाले 23 यात्रियों से 2,600 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। कुल मिलाकर 247 मामलों में कार्रवाई करते हुए 1,36,010 रुपये का राजस्व अर्जित किया गया।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि रेल सेवाएं अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनी रहें।

कानपुर सेन्ट्रल स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल व उप मुख्य यातायात प्रबंधक कानपुर अकान्शु गोविल के नेतृत्व में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप