कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर चला सघन चेकिंग अभियान

 


कानपुर, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के मद्देनजर कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे अभ्यर्थियों को देखते हुए शनिवार को जीआरपी, आरपीएफ और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। स्टेशन परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहीं और संदिग्ध व्यक्तियों व सामान की गहन जांच की गई।

रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा एवं आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से यह अभियान पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलांची तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा के निर्देशन में चलाया गया। अभियान में पुलिस उपायुक्त यातायात रविंद्र कुमार, जीआरपी के क्षेत्राधिकारी दुष्यंत कुमार सिंह, यातायात क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार सिंह, एलआईयू के क्षेत्राधिकारी संजय कुमार राय, आरपीएफ के सहायक कमांडेंट विवेक वर्मा समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

जीआरपी क्षेत्राधिकारी दुष्यंत कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग हॉल, फुटओवर ब्रिज और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान समस्त प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्सल घर, वेटिंग हॉल, पार्किंग स्थल और फुटओवर ब्रिज सहित विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने संदिग्ध वस्तुओं और व्यक्तियों की जांच करने के साथ यात्रियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारियां भी दीं। स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।

आरपीएफ के सहायक कमांडेंट विवेक वर्मा ने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी संयुक्त रूप से लगातार निगरानी कर रहे हैं। परीक्षा के दौरान यात्रियों और अभ्यर्थियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। स्टेशन परिसर में सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ाई गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

वहीं स्टेशन के बाहर ट्रैफिक पुलिस ने भी मोर्चा संभाले रखा। अभ्यर्थियों की भीड़ के कारण यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों का कहना है कि भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार समन्वय के साथ काम कर रही हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप