मुरादाबाद र ूजिला विद्यालय निरीक्षक ने फूलवती कन्या इंटर कॉलेज के जर्जर कमरों को सील करने के दिए निर्देश

 


-डीआईओएस ने कालेज प्रबंधक को जारी किया नोटिस

मुरादाबाद, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के फूलवती देवी कन्या इंटर कॉलेज के जर्जर भवन में चल रहीं कक्षाओं की वजह से जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) रितु तोमर ने प्रबंधक को नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि जर्जर भवन में तत्काल शिक्षण कार्य बंद करते हुए जर्जर कमरों को चिह्नित कर सील कर दें। साथ ही परिसर में संचालित अन्य विद्यालय के कक्षाओं में विद्यार्थियों के लिए कक्षा-कक्ष आवंटित कर दिए जाएं।

गुरुवार को डीआईओएस रितु तोमर ने पत्र जारी करते हुए कहा कि विद्यालय की छत अत्यंत जर्जर अवस्था में है और कक्ष के भवन के गिरने की आशंका है।

प्रबंधक के मामला संज्ञान में होने के बावजूद उन्हीं कक्षाओं में शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण-मरम्मत के लिए संचालित प्रोजेक्ट अलंकार योजना में भी आवेदन करके भवन की मरम्मत आदि कराई जा सकती है, लेकिन मरम्मत न कराकर जर्जर भवन में शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। 30 जून को हुई बैठक के निर्देशों के बावजूद विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं दी गई।

डीआईओएस रितु तोमर ने प्रधानाचार्य को 29 जुलाई को कार्यालय में उपस्थित होकर विद्यार्थियों के शिक्षण कार्य की कार्य योजना उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल