देशी मदिरा व कम्पोजिट दुकानों का आबकारी विभाग ने किया सघन निरीक्षण

 










गोरखपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। अवैध शराब की बिक्री और दुकानों के संचालन में अनियमितता पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने मंगलवार को जनपद में शराब की दुकानों का सघन निरीक्षण किया। जिला आबकारी अधिकारी गोरखपुर के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-02, कैम्पियरगंज एवं अतिरिक्त प्रभार सेक्टर-02 द्वारा विभागीय टीम के साथ सेक्टर-02 अंतर्गत संचालित देशी मदिरा एवं कम्पोजिट दुकानों का गहनता से निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों के संचालन, बिक्री व्यवस्था तथा निर्धारित नियमों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी दुकानें आबकारी विभाग द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुरूप ही संचालित की जाएं। अधिकारियों ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि निर्धारित समय से पहले अथवा निर्धारित समय समाप्त होने के बाद किसी भी दशा में मदिरा की बिक्री नहीं होनी चाहिए।

आबकारी अधिकारियों ने विक्रेताओं को यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक बिक्री पीएसओ मशीन के माध्यम से ही की जाए और मदिरा की शत-प्रतिशत बिक्री पीएसओ मशीन पर दर्ज होना सुनिश्चित किया जाए। बिक्री में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

विभागीय टीम ने दुकानदारों को लाइसेंस की शर्तों, निर्धारित बिक्री समय तथा अन्य आबकारी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारी एके मौर्य ने कहा कि शराब की दुकानों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा। आबकारी विभाग द्वारा आगे भी दुकानों का नियमित निरीक्षण कर नियमों के अनुपालन की जांच की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय