डीएम ने व्यापारियों के साथ की अहम बैठक
गोरखपुर, 19 जून (हि.स.)।
विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में व्यापार बंधुओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के व्यापारियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में नगर आयुक्त अजय जैन, विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापार बंधु उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने शहर में यातायात जाम, अतिक्रमण, पार्किंग की कमी, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था और बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है, क्योंकि व्यापारिक गतिविधियां शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होती हैं।
यातायात व्यवस्था को लेकर डीएम ने एसपी ट्रैफिक को निर्देश दिया कि प्रमुख बाजारों में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। पार्किंग स्थलों की पहचान कर उन्हें व्यवस्थित किया जाए और अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों और व्यस्त समय में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए, जिससे लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
नगर आयुक्त अजय जैन को निर्देशित किया गया कि शहर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए, कूड़ा उठान समय से हो और बाजार क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, स्ट्रीट लाइट, नालियों की सफाई और जल निकासी की समस्या का भी त्वरित समाधान करने को कहा गया। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल को अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि शहर का सुनियोजित विकास हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय