रिफाइनरी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों से बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा होगी सुनिश्चित : हेमा मालिनी
मथुरा रिफाइनरी की सीएसआर पहल: 270 सोलर स्ट्रीट लाइटों से जगमग हुआ क्षेत्रसोलर लाइटों का सांसद हेमा मालिनी ने किया उद्घाटन, खुलकर की सराहना
मथुरा, 11 सितम्बर (हि.स.)। इंडियन ऑयल कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की मथुरा रिफाइनरी द्वारा अपनी कॉर्पाेरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत मथुरा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 270 सोलर स्ट्रीट लाइटों की स्थापना की गई है। इन सोलर लाइटों का शुक्रवार भव्य उद्घाटन सांसद हेमा मालिनी ने किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान सांसद हेमा मालिनी ने मथुरा रिफाइनरी के इन सामाजिक एवं लोकहितकारी कार्यों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सोलर स्ट्रीट लाइटों के लग जाने से स्थानीय ग्रामीण और शहरी इलाकों में आवागमन के दौरान आमजन को बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्राप्त होगी।
सांसद ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सौर ऊर्जा आधारित इन स्ट्रीट लाइटों से पारंपरिक बिजली (विद्युत ऊर्जा) पर निर्भरता काफी हद तक कम होगी। साथ ही, स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलने से पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्यों को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में मथुरा रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख मुकुल अग्रवाल ने बताया कि मथुरा रिफाइनरी अपने व्यावसायिक दायित्वों के साथ-साथ समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रही है। सीएसआर के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास, महिला एवं बाल विकास और सामुदायिक आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर अनिल कुमार (मुख्य महाप्रबंधक - मानव संसाधन), अभिनव गोस्वामी (महाप्रबंधक - कर्मचारी सेवाएं), विवेक शर्मा (वरिष्ठ प्रबंधक - सीसी एवं सीएसआर) तथा दीपक कुमार साह (सीएसआर एवं हिंदी) सहित कई अन्य गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे। रिफाइनरी प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए ऐसी जनकल्याणकारी पहल जारी रहेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार