सफलता पाने के लिए मेहनत और लगन बहुत जरूरी : ब्रह्मचारिणी भगवती चैतन्या

 


कानपुर, 20 मार्च (हि.स.)। बड़ी सफलता पाने के लिए मेहनत और लगन बहुत जरूरी है। विद्यार्थी अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों का महत्व समझें और लगातार मेहनत करते हुए अपने जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए आगे बढ़ते रहे। यह बातें शुक्रवार को बीएनएसडी विद्यालय में पुरुस्कार वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची ब्रह्मचारिणी भगवती चैतन्या (आचार्या, चिन्मय मिशन, मंधना) ने कहीं।

बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, बेनाझाबर, कानपुर में आज वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि के आगमन के उपरांत दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ किया गया। विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रख्यात अधिवक्ता आदित्य शंकर बाजपेयी ने मुख्य अतिथि का परिचय कराया। उप प्रधानाचार्या मंजूबाला श्रीवास्तव ने मंचासीन महानुभावों का स्वागत किया।

इसके उपरांत विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया एवं पुरस्कार वितरण किया गया। सभी कक्षाओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न आंतरिक एवं बाह्य प्रतियोगिताओं—जैसे वाद-विवाद, निबंध लेखन, विज्ञान प्रदर्शनी, खेलकूद आदि—में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न पाठ्येतर गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी मंच पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत शैली गुप्ता के द्वारा एकल गीत की प्रस्तुति भी दी गई, जिसने वातावरण को अत्यंत भावपूर्ण बना दिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया और सभी उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजमोहन कुमार सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, बड़ी संख्या में अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप