इंस्पायर अवार्ड में राष्ट्रीय मंच पर चमकेगा बांदा के सर्वोदय विद्यालय का आयुष
-प्रदेश के 31 छात्रों में समाज कल्याण विभाग के सर्वोदय विद्यालय हरदौली के छात्र का चयन
बांदा, 14 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय हरदौली के कक्षा 12 के छात्र आयुष कुमार ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंस्पायर मानक इनोवेटिव अवार्ड के राष्ट्रीय स्तर के लिए उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों से चयनित 31 छात्रों में आयुष कुमार का भी चयन हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत आयुष 14 और 15 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय इंस्पायर अवार्ड कार्यशाला में भी प्रतिभाग कर रहा है।
कार्यशाला में प्रतिभाग करने के लिए दिल्ली पहुंचे आयुष आगामी 12 से 14 अक्टूबर तक भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर मानक इनोवेटिव अवार्ड प्रतियोगिता में अपने मॉडल का प्रदर्शन करेगा। राष्ट्रीय मंच पर आयुष के चयन से विद्यालय और जिले में खुशी का माहौल है। आयुष ने रसायन विज्ञान के प्रवक्ता एवं मार्गदर्शक शिक्षक शिवजीत सिंह के निर्देशन में 'वेस्ट टू वेल्थ' मॉडल तैयार किया है। इसमें खराब नारियल के छिलकों को वैज्ञानिक प्रक्रिया से उपयोगी उत्पादों में बदलने का प्रयास किया गया है। मॉडल के माध्यम से नारियल के छिलके से छह उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इनमें शुद्ध नीली लौ देने वाली बायोगैस, हाइड्रोकार्बन ईंधन के रूप में उपयोग होने वाला बायोफ्यूल, दीमकरोधी उपयोग वाला पाइरोलिसिस ऑयल, एंटीसेप्टिक मेडिकेटेड साबुन, धुआं रहित कृत्रिम ब्रिकेट्स तथा एंटी-मलेरियल गुणों वाली धूपबत्ती शामिल हैं।
मॉडल में पायरोलिसिस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इस प्रक्रिया में नारियल के कठोर छिलकों को ऑक्सीजन की अनुपस्थिति में उच्च तापमान पर गर्म कर अलग-अलग उपयोगी उत्पाद प्राप्त किए जाते हैं। आयुष का मॉडल कचरे के बेहतर प्रबंधन के साथ पर्यावरण संरक्षण, वैकल्पिक ईंधन और 'वेस्ट टू वेल्थ' की अवधारणा को बढ़ावा देता है। कम लागत में उपलब्ध अपशिष्ट से उपयोगी सामग्री तैयार करने की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी उपयोगी हो सकती है।
सर्वोदय विद्यालयों में पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। शिक्षक विद्यार्थियों को प्रयोग और मॉडल निर्माण के जरिए विषयों को समझने के अवसर दे रहे हैं। आयुष का राष्ट्रीय स्तर पर चयन इसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन का परिणाम है। समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सर्वोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने पर जोर दिया जा रहा है। आयुष का चयन प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह