इंस्पेक्टर अजय पाठक सस्पेंड, लूट के आरोपी के साथ जन्मदिन मनाने का वीडियो वायरल, एसपी ने की कार्रवाई

 


उरई, 21 मार्च (हि.स.)। जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र में तैनात प्रभारी निरीक्षक अजय पाठक को गंभीर आरोपों के चलते निलम्बित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार द्वारा की गई, जब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह कथित रूप से आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के साथ जन्मदिन मनाते नजर आए।

बता दें कि, कुठौंद थाना क्षेत्र में हाल ही में एक महिला के साथ लूटपाट की घटना हुई थी। घटना के दौरान महिला सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया। इस गंभीर घटना के ठीक अगले दिन थाना प्रभारी अजय पाठक का एक वीडियो सामने आया। वीडियो में वह कुछ संदिग्ध और कथित आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों के साथ जन्मदिन का जश्न मनाते दिखाई दिए। इस वीडियो के वायरल होते ही पुलिस विभाग की कार्यशैली और आचरण पर सवाल उठने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले अजय पाठक को लाइन हाजिर किया गया था। इसके बाद प्रारम्भिक जांच में उनके आचरण में अनियमितता और लापरवाही के संकेत मिले। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया।

एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता या अपराधियों से किसी भी प्रकार की सांठ-गांठ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि विभाग की साख बनी रहे। वही इस इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद के स्तर पर जारी है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे और विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा