अपर मंडल रेल प्रबंधक ने चुनार-चोपन रेलखंड का निरीक्षण कर दिये निर्देश
प्रयागराज, 15 मई (हि.स)। प्रयागराज मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार ने शुक्रवार को चुनार-चोपन रेलखंड का निरीक्षण कर रेलवे के विभिन्न विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म प्रबंधन व सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर निर्देश दिये।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने देते हुए बताया कि उन्होंने सक्तेशगढ़, लूसा, सोनभद्र, चुर्क, अगोरी खास एवं चुनार स्टेशनों का अवलोकन किया। प्रयागराज मंडल के अंतर्गत सोनभद्र एवं चुनार सहित कुल 14 स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है, जबकि करछना एवं गोविंदपुरी स्टेशनों का उद्घाटन पूर्व में किया जा चुका है। इस दौरान उन्होंने लूसा-खैराही रेललाइन के दोहरीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया एवं कार्य के प्रगति की जानकारी ली।
अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य ने स्टेशन परिसरों, प्लेटफॉर्मों, सर्कुलेटिंग एरिया तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों का निरीक्षण करते हुए सम्बंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रियों के लिए पर्याप्त पेयजल, स्वच्छता एवं छायादार स्थानों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस दौरान दीपक कुमार ने स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों से संवाद करते हुए उन्हें यात्रियों के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक एवं उत्तरदायी व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि भारतीय रेल की सर्वाेच्च प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं सतत निगरानी आवश्यक है।
उन्होंने स्टेशन पर संचालित विभिन्न विकास एवं अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध सुविधाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्टेशन परिसर में स्वच्छता, सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था एवं यात्रियों को बेहतर सूचना सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सम्बंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र