शिकायत और अर्जी नहीं, हर हाल में प्रभु की रजा स्वीकारना ही सच्ची भक्ति : इंद्रेश जी महाराज

 


साेमवार काे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे कथा में सहभागिता

बांदा, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा पं. जे.एन. कॉलेज मैदान में संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा के चौथे दिन रविवार को श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। व्यास पीठ से इंद्रेश जी महाराज ने संत सूरदास के जीवन प्रसंगों के माध्यम से सच्ची भक्ति, समर्पण और प्रभु की इच्छा को स्वीकार करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सच्चा भक्त वह नहीं जो हर समय प्रभु से शिकायत और अर्जी लगाए, बल्कि वह है जो हर परिस्थिति में उनकी कृपा का अनुभव करे। भक्त का भाव होना चाहिए- 'न कोई शिकायत, न कोई अर्जी, कर लो करा लो प्रभु जो है तेरी मर्जी।'

महाराज जी ने कहा कि मकान, संपत्ति और धन-संपदा को ही लोग अपनी भलाई मान लेते हैं, जबकि वास्तविक कल्याण यह है कि एक क्षण के लिए भी मन से हरि का स्मरण न छूटे। मनुष्य को पूरा परिश्रम और कर्म करना चाहिए, लेकिन उसके फल को प्रभु की इच्छा पर छोड़ देना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से एक महीने तक प्रभु से कुछ न मांगने और तुलसीदास जी की चौपाई 'जेहि विधि नाथ होय हित मोरा, करहु सुबेगि दास मैं तोरा' का नियमित पाठ करने का आग्रह किया।

सूरदास जी के प्रसंग में उन्होंने बताया कि नेत्रहीन होने के बावजूद सूरदास को अपने ठाकुर पर अटूट विश्वास था। उनका मानना था कि भगवान ने उन्हें आंखें नहीं दीं, क्योंकि उनकी उंगली थामकर स्वयं प्रभु उन्हें रास्ता दिखाते हैं। महाराज जी ने कहा कि वास्तविक अंधापन आंखों का नहीं, बल्कि प्रभु को न देख पाने का है। कथा में हनुमान चालीसा से जुड़ा रोचक प्रसंग सुनाकर उन्होंने श्रद्धालुओं को खूब गुदगुदाया। वहीं नामाचार्य हरिदास ठाकुर के संकीर्तन प्रसंग के माध्यम से बताया कि ऊंचे स्वर में हरिनाम करने से सुनने वाले सभी लोगों का कल्याण होता है।

चित्रकूट के टाटी घाट की यात्रा का अनुभव साझा करते हुए महाराज जी ने श्रद्धालुओं से वहां पिकनिक स्पॉट की तरह भीड़ न लगाने और तपस्वी संतों की एकांत साधना का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने ब्रज और बुंदेलखंड के आध्यात्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि बुंदेलखंड के संतों ने वृंदावन के भक्ति रस को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कथा में विधान परिषद सदस्य बाबूलाल तिवारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे। बिना किसी चमत्कार या टोना-टोटके के केवल कथा श्रवण के लिए उमड़े जनसमूह को महाराज जी ने सनातन संस्कृति की मजबूती का प्रमाण बताया।

साेमवार काे होगा कथा का विश्राम, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक आएंगे

पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा का सोमवार 30 नवंबर को विश्राम होगा। समापन दिवस पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक विशेष रूप से शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 2:25 बजे हेलीकॉप्टर से बांदा पहुंचेंगे। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण करेंगे और करीब तीन बजे पं. जे.एन. कॉलेज मैदान में आयोजित कथा में शामिल होकर व्यास पीठ का आशीर्वाद लेंगे। इससे पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी कथा में शामिल हो चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह