भारतीय रेल निरंतर आधुनिकता की ओर अग्रसर: मंडल रेल प्रबंधक

 






मुरादाबाद, 24 सितम्बर (हि. स.)। मुरादाबाद रेल मंडल के अंतर्गत सीतापुर सिटी जंक्शन पर गुरुवार को स्टेशन की गौरवशाली विरासत, स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान तथा भारतीय रेल की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से भव्य ‘स्टेशन महोत्सव’ का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय रेल निरंतर आधुनिकता की ओर अग्रसर है।

वर्ष 1886 से जुड़े सीतापुर सिटी स्टेशन के ऐतिहासिक महत्व को इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं जनसहभागिता कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. सिद्धगोपाल बाजपेयी, स्व. संत शास्त्री, स्व. श्याम बिहारी, स्व. चंद्रिका प्रसाद एवं स्व. मनसादीन शुक्ला के परिजन शिशिर बाजपेयी, मुनिश्री सिंह, चोक्ष विभु अवस्थी, सुधीर कुमार पाण्डेय तथा आराध्य शुक्ला विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला तथा वरिष्ठ मंडल अभियंता (द्वितीय) मन्तेश कुमार मीना सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सेवानिवृत्त रेलकर्मी, स्कूली छात्र-छात्राएँ, मीडिया बंधुगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राकेश बलौदी मुख्य हित निरीक्षक ने किया।

कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीतापुर सिटी स्टेशन एवं नगर के इतिहास तथा भारतीय रेल की विकास यात्रा का विशेष प्रस्तुतीकरण किया गया। इस अवसर पर उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मुरादाबाद मंडल की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने कहा कि स्टेशन महोत्सव केवल एक स्टेशन का उत्सव नहीं, बल्कि हमारी विरासत, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और भविष्य की आकांक्षाओं का संगम है। उन्होंने कहा कि सीतापुर सिटी स्टेशन भी अपनी ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक एवं यात्री-अनुकूल स्टेशन के रूप में विकसित हो रहा है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल