भारत-वेस्टइंडीज T20 मुकाबले के टिकट लॉन्च, 399 रुपये से शुरू होगी कीमत

लखनऊ। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 6 अक्टूबर को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को मैच के टिकट लॉन्च किए गए। मुकाबले के लिए सबसे सस्ता टिकट 399 रुपये, जबकि सबसे महंगा टिकट 13,500 रुपये का होगा।
 

अभिषेक अर्जुन सिंह
स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट|Live VNS

लखनऊ। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 6 अक्टूबर को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को मैच के टिकट लॉन्च किए गए। मुकाबले के लिए सबसे सस्ता टिकट 399 रुपये, जबकि सबसे महंगा टिकट 13,500 रुपये का होगा।

टिकट लॉन्च के मौके पर आयोजित प्रेस वार्ता में यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि मैच के आयोजन से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दर्शकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

399 से 13,500 रुपये तक टिकट
मुकाबले के लिए टिकटों की शुरुआती कीमत 399 रुपये रखी गई है। वहीं साउथ वीआईपी लाउंज-1 और 2 का टिकट 13,500 रुपये निर्धारित किया गया है। अलग-अलग स्टैंड के टिकट 449, 699, 899, 999, 1,099, 3,499, 6,400, 7,400, 8,400 और 9,400 रुपये की कीमत में उपलब्ध हैं।

District ऐप पर ऑनलाइन बिक्री शुरू
यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला ने बताया कि टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शनिवार शाम से शुरू हो गई है। क्रिकेट प्रशंसक District by Zomato ऐप के जरिए टिकट खरीद सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुकाबले को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।

अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी को तैयार UPCA
यूपीसीए मीडिया समिति के चेयरमैन मोहम्मद फहीम ने कहा कि एसोसिएशन लखनऊ में एक और अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की सफल मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि इकाना में क्रिकेट प्रशंसकों को बेहतर अनुभव देने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

वहीं इकाना स्पोर्ट्स सिटी के सीएमडी उदय सिन्हा ने बताया कि स्टेडियम में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। दर्शकों की सुविधा और मैच के दौरान बेहतर व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टी-20 मुकाबला 6 अक्टूबर को शाम 7:30 बजे इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में खेला जाएगा।