प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक ताकतवर देश के रूप में उभरा है: गिरीश चंद्र यादव
जौनपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। पुलिस लाइन में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन हुआ। एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने क्वार्टर गार्ड पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह में खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने भी ध्वजारोहण किया। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में देशवासियों ने आजादी के लिए लंबा संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक ताकतवर देश के रूप में उभरा है और शिक्षा, चिकित्सा समेत विभिन्न क्षेत्रों में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और आयुष्मान भारत जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया।
इसी क्रम में कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने सुबह 8 बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई और राष्ट्रगान हुआ। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पंचप्रण के तहत देश की एकता और अखंडता के लिए सदैव प्रयासरत रहने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश को आजादी अनेक बलिदानों और संघर्षों के बाद मिली है। स्वतंत्रता दिवस हमें अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों की याद दिलाता है। देश की प्रगति के लिए सभी को ईमानदारी, निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के सफल आयोजन पर बधाई दी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में नीम का पौधा रोपित किया तथा रंगोली बनाने वाली जनक कुमारी इंटर कॉलेज की छात्राओं को सम्मानित किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े आयोजन किए गए। पूरे जनपद में दिनभर देशभक्ति का माहौल बना रह। कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी परमानंद झा सहित अन्य अधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम और वीर शहीदों के बलिदान को याद किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव