भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का यूपी में सोमवार से दो दिवसीय दौरा

 


24 व 25 अगस्त को भारत निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधि मंडल लखनऊ में करेगा दौरा

क्षेत्रीय सम्मेलन में प्रतिभाग तथा बीएलओ के साथ करेंगे संवाद

लखनऊ, 22 अगस्त (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग का प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे 24-25 अगस्त 2026 पर आएंगे। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस दो दिवसीय दौरे का प्रमुख उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ ही युवाओं एवं भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना, उनमें निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना तथा निर्वाचन तंत्र के महत्वपूर्ण आधार बूथ लेवल अधिकारियों के साथ संवाद कर उनके अनुभवों एवं सुझावों से सीधे रूबरू होना है।

इस दौरान 24 अगस्त को पूर्वाह्न में मुख्य निर्वाचन आयुक्त कॉल्विन तालुकदार कॉलेज के अवध सभागार में विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त की प्रारंभिक शिक्षा कॉल्विन तालुकदार कॉलेज में हुई है। इसके उपरान्त मुख्य निर्वाचन आयुक्त अपराह्न में लखनऊ स्थित इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित ELC 2.0 एवं ECINET पर एक दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

प्रदेश में ELC & ECINET पर क्षेत्रीय सम्मेलन तीन चरणों लखनऊ, मेरठ तथा वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में आयोजित लखनऊ के क्षेत्रीय सम्मेलन में 20 जनपद-शाहजहाँपुर, अयोध्या, बाराबंकी, सुलतानपुर, अमेठी, गोण्डा, बहराइच, मैनपुरी, कानपुरनगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, प्रतापगढ़, लखनऊ, हरदोई, खीरी, रायबरेली, सीतापुर तथा उन्नाव के उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मीडिया नोडल अधिकारीगण उपस्थित रहेंगे। साथ ही इन 20 जनपदों के 120 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 440 शैक्षणिक संस्थानों से लगभग 1500 की संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक तथा महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के प्राचार्य एवं संस्थान प्रमुख प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, व्यवासायिक एवं कौशल विकास विभाग, प्राविधिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव/सचिव आदि वरिष्ठ अधिकारीगण भी शामिल होंगे।

भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2018 में स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELCs) की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। सूचना एवं संचार के बदलते परिवेश तथा युवाओं के बढ़ते डिजिटल जुड़ाव को देखते हुए अब ELC कार्यक्रम को ELC 2.0 के रूप में पुर्नपरिभाषित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में ELCs को वर्षभर सक्रिय, अनुभवात्मक और डिजिटल रूप से सक्षम मंच के रूप में विकसित करना है।

सम्मेलन को अनुभवात्मक और सहभागी बनाने के लिए तीन स्टॉल बनाए गए हैं जहां पर प्रतिभागियों को मतदाता पंजीकरण, मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी लाइव डेमो (Live Demo) के माध्यम से दी जाएगी। ECINET के डिजिटल इकोसिस्टम का परिचय तथा नए ELC पोर्टल के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों का ELC 2.0 में ऑनबोर्डिंग की जानकारी साझा की जाएगी। आयोग की विभिन्न पहलों, नवाचारों और महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। ELC 2.0 की विजन, मिशन, प्रमुख विशेषताओं एवं कार्य ढाँचे के साथ भारतीय निर्वाचन प्रक्रिया और ECINET प्लेटफॉर्म पर भी प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

मतदाता साक्षरता क्लबों के माध्यम से ऐसे छात्र-छात्राओं को भी मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा, जो मतदाता के रूप में पंजीकरण की पात्रता प्राप्त कर चुके हैं अथवा निकट भविष्य में पात्र होने वाले हैं। इसके साथ ही युवाओं में अपने मताधिकार के महत्व, नैतिक मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदार सहभागिता की भावना विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त दौरे के दूसरे दिन 25 अगस्त को लखनऊ स्थित इन्दिरा गाँधी प्रतिष्ठान के मॉर्स हॉल में लखनऊ तथा आस-पास के जनपदों के लगभग 500 बूथ लेवल अधिकारियों के साथ सीधा संवाद करेंगे। बूथ लेवल अधिकारी निर्वाचन तंत्र और मतदाता के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मतदाता सूची को अद्यतन रखने, पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने, मतदाताओं से घर-घर संपर्क करने तथा मृत, स्थानांतरित एवं अन्य आवश्यक प्रविष्टियों के संबंध में जमीनी स्तर पर सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शनिवार काे बताया कि प्रदेश में आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय कार्यक्रम एक ओर विद्यार्थियों एवं भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक समझ से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा, वहीं दूसरी ओर बूथ लेवल अधिकारियों के जमीनी अनुभवों एवं सुझावों के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, सुगम एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में सार्थक संवाद का मंच बनेगा। अन्य चरणों में भी प्रदेश में ELC & ECINET क्षेत्रीय सम्मेलन इसी प्रकार आयोजित किये जायेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा