लोकदल अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह से मिले कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम

 


-आईएनडीआईए गठबंधन में तेज हुई 2027 की सियासी तैयारी -उत्तर प्रदेश में विपक्षी एकजुटता, सीट साझेदारी, संयुक्त आंदोलन और चुनावी रणनीति पर मंथन

लखनऊ, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आईएनडीआईए (INDIA) गठबंधन की गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के साथ तरुण पटेल किसान नेता कांग्रेस कमेटी लखनऊ स्थित लोकदल के केंद्रीय कार्यालय एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह के आवास 8, मॉल एवेन्यू पर शिष्टाचार भेंट की। दोनों नेताओं के बीच लंबे समय तक चली बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति, आईएनडीआईए गठबंधन की मजबूती, विपक्षी दलों के बीच बेहतर समन्वय, संभावित सीट साझेदारी तथा जनहित के मुद्दों पर साझा संघर्ष को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों,भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय तथा किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्ष की साझा रणनीति पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया।

लोकदल अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश की दिशा और दशा तय करने वाला चुनाव होगा। जनता बदलाव चाहती है और आईएनडीआईए गठबंधन जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप एक मजबूत एवं सकारात्मक विकल्प प्रस्तुत करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विपक्षी दलों का समन्वय लगातार मजबूत हो रहा है।

राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को विशेष महत्व दिया जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व द्वारा राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने के बाद वे लगातार संगठन को मजबूत करने, आईएनडीआईए गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसी कड़ी में लोकदल नेतृत्व के साथ हुई यह बैठक आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा