स्वतंत्रता दिवस से पूर्व रेलवे स्टेशन पर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान
फतेहपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए रेलवे स्टेशन परिसर में आरपीएफ, जीआरपी, स्थानीय पुलिस व एलआईयू की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य आतंकी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। स्टेशन से लेकर ट्रेनों तक हुई गहन जांच में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के हर कोने को खंगाला। अभियान के दौरान प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, टिकट घर और पार्किंग की बारीकी से चेकिंग की गई। प्रवेश और निकास द्वारों पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी गई। पुलिस ने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या बैग दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जनपद के सभी संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा और चेकिंग व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी। अभियान से यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार