कानपुर में शराब कारोबारी के ठिकानों पर आयकर का छापा
कानपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। शराब कारोबारी तिलक राज शर्मा और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर बुधवार को आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने एक साथ कार्रवाई की। स्वरूप नगर, फजलगंज, शास्त्री नगर, माल रोड और तिलक नगर समेत सात स्थानों पर टीमों ने पहुंचकर दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। कार्रवाई के दौरान करीब 50 से अधिक अधिकारी देर रात तक जांच में जुटे रहे।
सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग को जांच में कागजों पर अधिक खर्च दिखाकर कम आय दर्शाए जाने की आशंका मिली थी। इसके अलावा शराब की खरीद-बिक्री से जुड़े कुछ वित्तीय लेनदेन भी जांच के दायरे में हैं। विभाग की टीमों ने कारोबारी और उससे जुड़े लोगों के कार्यालयों से खातों, बिलों, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की।
अधिकारियों ने जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। इनका मिलान कारोबारी की ओर से दाखिल आयकर विवरण और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड से किया जा रहा है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कारोबारी के वास्तविक सालाना टर्नओवर की तुलना में कितना आयकर जमा किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, कारोबारी की ओर से कानपुर समेत देश के कई शहरों में खरीदी गई संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी जांच टीम के हाथ लगे हैं। विभाग इन संपत्तियों के स्रोत और उनसे जुड़े लेनदेन की भी पड़ताल कर रहा है।
एक विदेशी शराब कंपनी के साथ कारोबारी की साझेदारी से जुड़े दस्तावेज मिलने की भी चर्चा है। अधिकारियों ने खरीद-बिक्री के आंकड़ों, बैंक खातों और कर संबंधी रिकॉर्ड का मिलान शुरू कर दिया है। जांच का मुख्य फोकस घोषित कारोबार और वास्तविक लेनदेन के बीच अंतर तथा कर देनदारी कम दिखाए जाने की संभावित वजहों का पता लगाना है।
आयकर विभाग की कार्रवाई देर रात तक सातों स्थानों पर जारी रही। जांच पूरी होने के बाद ही दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड से सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप