मथुरा रिफाइनरी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ
‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
भ्रष्टाचार का उन्मूलन एक साझा मिशन: मुकुल अग्रवाल
मथुरा, 26 अक्टूबर(हि.स.)। मथुरा रिफाइनरी में सोमवार को ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसके दौरान सप्ताहभर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां और कार्यक्रम संपन्न होंगे। इस वर्ष का यह आयोजन केंद्रीय सतर्कता आयोग की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” के अनुरूप है, जो एक भ्रष्टाचार-मुक्त भारत के निर्माण में नागरिकों की सामूहिक भूमिका को रेखांकित करता है।
उद्घाटन समारोह का आयोजन रिफाइनरी के ईडी एंड आरएच कॉन्फ्रेंस रूम में किया गया, जिसकी अध्यक्षता कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख मुकुल अग्रवाल ने की। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अनिल कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (टीएस एवं एचएसई) वी. सुरेश, मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी) एच.एस. रूखियार, विभिन्न महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी, विप्स संयोजक के साथ-साथ इंडियन ऑयल ऑफिसर्स एसोसिएशन और इंडियन ऑयल कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख मुकुल अग्रवाल ने उपस्थित जनों को ईमानदारी की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन एक साझा मिशन है, जिसके लिए प्रत्येक व्यक्ति में ईमानदारी, प्रतिबद्धता और पारदर्शिता का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सतर्कता केवल नियमों के अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जागरूकता और आत्म-अनुशासन पर आधारित एक जीवनशैली है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाप्रबंधक (सतर्कता) पी.के. त्रिपाठी ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ प्रबंधक (सतर्कता) हरी कृष्ण भी मौजूद रहे। समारोह में इंडियन ऑयल के चेयरमैन, निदेशक (रिफाइनरीज़) और मुख्य सतर्कता अधिकारी के संदेश भी साझा किए गए, जिन्होंने सभी कर्मचारियों को एक पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त संगठन के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
नुक्कड़ नाटक, वॉकथॉन और सतर्कता रथ को दिखाई हरी झंडी
समारोह के दौरान ‘सतर्कता सूचना पत्रक’ का विमोचन किया गया। कार्यक्रम को आकर्षक और प्रेरणादायक बनाने के लिए “सतर्कता रू हम सब की ज़िम्मेदारी” शीर्षक से एक नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया।समुदाय में सतर्कता के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मुकुल अग्रवाल ने “सतर्कता रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले मथुरा रिफाइनरी टाउनशिप में एक भव्य वॉकथॉन का भी आयोजन किया गया था। इस अवसर को यादगार बनाने, इसे कार्बन-न्यूट्रल रूप देने तथा स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) के प्रति इंडियन ऑयल की प्रतिबद्धता को और मजबूत करने के लिए कार्यकारी निदेशक मुकुल अग्रवाल ने परिसर में पौधारोपण भी किया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार