मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर शंकरगढ़ में जनकल्याण शिविर का शुभारम्भ
--सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य : निर्मला देवी
प्रयागराज, 15 जून (हि.स)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को शंकरगढ़ ब्लॉक परिसर में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं संगोष्ठी का शुभारम्भ ब्लॉक प्रमुख निर्मला देवी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आमजन को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख निर्मला देवी ने कहा कि सरकार की मंशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविर सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं, जिससे जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ सहज रूप से मिल सके।
खण्ड विकास अधिकारी सुनील कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि योजनाओं की सफलता तभी सुनिश्चित होगी जब उनका लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे।
कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। उन्होंने नागरिकों से शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा पात्रतानुसार लाभ उठाने की अपील की।
संगोष्ठी में मनरेगा, कन्या सुमंगला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि तथा स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। शिविर में स्वास्थ्य मेला, मनरेगा जॉब कार्ड पंजीकरण, शौचालय संबंधी आवेदन, खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी एवं अन्य विभागों के स्टॉल भी लगाए गए।
इस अवसर पर एडीओ (सहकारिता) लल्लन प्रसाद, एडीओ (कृषि) मनोज कुमार द्विवेदी, ग्राम विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार मौर्य, एपीओ जय प्रकाश, ग्राम विकास अधिकारी अलका सिंह, मंडल अध्यक्ष अखिलेश सिंह पटेल, जिला संयोजक आईटी विभाग सतीश विश्वकर्मा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने क्षेत्रवासियों से तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र