ज्वाला देवी इण्टर कॉलेज में सुन्दरकाण्ड व हवन के साथ हुआ नवीन सत्र का शुभारम्भ

 


प्रयागराज, 07 अप्रैल (हि.स)। प्रो. राजेन्द्र सिंह रज्जू भैया शिक्षा प्रसार समिति द्वारा संचालित ज्वाला देवी स.वि.म.इंटर काॅलेज सिविल लाइन्स में मंगलवार को विद्यालय में सुन्दरकाण्ड, सरस्वती वन्दना तथा हवन के साथ नवीन सत्र 2026-27 का शुभारम्भ बड़े ही हर्षोल्लास के साथ हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, आचार्यगणों एवं समस्त छात्र-छात्राओं ने सुन्दरकाण्ड का पाठ, हवन तथा मंत्रोच्चार के साथ सरस्वती जी की आराधना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश सिंह ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि नये सत्र में हमें नये लक्ष्यों का निर्धारण करके उसकी प्राप्ति हेतु प्रारम्भ से ही अथक एवं निष्ठापूर्वक परिश्रम करना होगा, जिससे हम केवल अपने विद्यालय का ही नहीं अपितु पूरे राज्य एवं राष्ट्र में एक कीर्तिमान स्थापित कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र, अभिभावक एवं आचार्यों के मध्य निर्विघ्नतापूर्वक समन्वय बना रहना चाहिये, तभी छात्र का सर्वांगीण विकास संभव है। जिसके द्वारा वह समाज एवं राष्ट्र में सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित कर सकेगा। विद्यालय के मीडिया प्रभारी सरोज दूबे ने बताया कि इस दौरान नये भैया-बहनों का स्वागत पुष्पवर्षा के साथ किया गया। इस अवसर पर दीपक यादव, सरोज दुबे, सन्दीप गुप्ता, सन्तोष दुबे, रत्नेश चतुर्वेदी, नागेन्द्र राय, सन्तोष पाण्डेय, विनोद सिंह, विजय यादव एवं समस्त आचार्य बन्धु एवं विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र