पुरुषोत्तम मास में गिरिराज महाराज के जयकारों से गुंजायमान हुआ परिक्रमा मार्ग
मथुरा, 25 मई (हि.स.)। धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र माने जाने वाले पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के पावन अवसर पर गोवर्धन धाम में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, देश के कोने-कोने से आ रहे भक्त पूरी श्रद्धा और अटूट भक्ति भाव के साथ गिरिराज महाराज की शरण में पहुंच रहे हैं। संपूर्ण सात कोस का परिक्रमा मार्ग इस समय गिरिराज महाराज की जय और राधे-राधे के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान है।
पुरुषोत्तम मास में गिरिराज जी की परिक्रमा का विशेष महत्व होने के कारण गोवर्धन धाम में भक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जहां पैदल परिक्रमा कर पुण्य लाभ कमा रहे हैं, वहीं कई भक्त भीषण गर्मी की परवाह किए बिना कनक दंडवत (जमीन पर लेटकर) परिक्रमा लगाकर अपनी मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। परिक्रमार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए परिक्रमा मार्ग से जोड़ने वाले प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग की गई है। बाहरी और भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू की गई है। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। संदिग्ध गतिविधियों और भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए हर स्तर पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने गोवर्धन धाम आने वाले सभी भक्तों और स्थानीय निवासियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से दर्शन और परिक्रमा पूर्ण कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार