जौनपुर में 125 शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी:पुलिस अधीक्षक

 


जौनपुर ,27 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई शुरू की है। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त और नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 125 लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर सूची तैयार की जा रही है।जानकारी के अनुसार, उन लाइसेंसधारकों को चिन्हित किया जा रहा है जिनके खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं या जो किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए हैं। सभी थानों से ऐसे शस्त्रधारकों की रिपोर्ट मांगी गई है, जिन्होंने लाइसेंस लेने से पहले या बाद में कानून का उल्लंघन किया है।जिले में लगभग 1500 शस्त्र लाइसेंसधारक हैं, जिनमें से संदिग्ध और नियमों का दुरुपयोग करने वालों पर प्रशासन की खास नजर है। इस संबंध में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर पुलिस ऐसे लोगों की जानकारी जुटाने में जुटी है, जो बिना वैध कारण के हथियारों का प्रदर्शन करते हैं या आपराधिक घटनाओं से जुड़े हैं।एसपी ने बताया कि थानेवार सूची तैयार कर ली जा रही है और अब तक करीब सवा सौ लोगों की पहचान हो चुकी है। जल्द ही इनके लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव