नवरात्र में मंदिरों के आसपास सफाई और सुविधाएं दुरुस्त करें : नगर आयुक्त

 


कानपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र पर्व को देखते हुए मंदिरों के आसपास सफाई, आवारा पशुओं की रोकथाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता पर दुरुस्त किया जाए। निर्माण या कूड़े की समस्या वाले स्थानों पर तत्काल कार्रवाई कर व्यवस्था बेहतर की जाए। यह निर्देश नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान दिए।

नगर आयुक्त ने सबसे पहले बिरहाना रोड स्थित तपेश्वरी मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने केपीएम अस्पताल से जच्चा-बच्चा अस्पताल तक बनी सड़क के आगे खत्री धर्मशाला से कनौडिया बिल्डिंग तक बचे हिस्से के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। भारत माता से तपेश्वरी मंदिर के मुख्य गेट और वैभव मंदिर से आगे तिराहे तक रेड स्टोन लगाने के निर्देश दिए।

मंदिर परिसर में नवरात्र के दौरान तीन पालियों में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। फूल और नारियल प्रतिदिन एकत्र कर निर्धारित संस्था को देने को कहा गया, ताकि उनसे अगरबत्ती और इत्र जैसे उत्पाद बनाए जा सकें। मंदिर के पीछे निर्माणाधीन भवन के पास मिले सीएंडडी वेस्ट का तत्काल उठान कराने और संबंधित से कम से कम 50 हजार रुपये यूजर चार्ज वसूलने के निर्देश दिए। आसपास घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजने को कहा।

इसके बाद लक्ष्मीपुरवा में अफीमकोठी से पेट्रोल पंप तक सीवर लाइन और जलभराव की स्थिति देखी। करीब 100 मीटर जर्जर आंतरिक सीवर लाइन बदलने और जल निकासी के लिए अतिरिक्त पंप लगाने के निर्देश दिए।

गुरुदेव चौराहे से आजाद नगर तक सीएम ग्रिड रोड के निरीक्षण में बिजली लाइन भूमिगत करने, यूटिलिटी डक्ट, फुटपाथ, मार्ग प्रकाश, स्ट्रॉम वाटर ड्रेन और सीवर लाइन के कार्यों की समीक्षा की। दिन-रात काम कर समयसीमा में परियोजना पूरी करने और अतिक्रमण हटते ही फुटपाथ निर्माण शुरू कराने को कहा।

आवास विकास कल्याणपुर-पनकी मार्ग पर ग्रीनबेल्ट में ग्रिल लगाने और कच्चे हिस्से से कूड़ा व सीएंडडी वेस्ट हटाकर सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए। कल्याणपुर उत्तरी वार्ड-19 में जलभराव और सड़क समस्याओं की जानकारी ली। पनकी-कल्याणपुर-शिवली मोड़ पर बंद नाले का क्रास दोबारा बनवाने के लिए पीडब्ल्यूडी को पत्र भेजने और मिर्जापुर की गलियों में सड़क सुधार व जल निकासी का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप